भारत-नेपाल बॉर्डर पर तस्करी नाकाम: एक गिरफ्तार, दो AC जब्त
नानपारा बहराइच। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 42वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) बहराइच-I एवं उत्तर प्रदेश फॉरेस्ट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसके पास से दो साइकिल और दो एयर कंडीशनर (AC) बरामद किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई 31 मार्च 2026 की रात करीब 10:45 बजे सीमा स्तंभ संख्या 656 के पास की गई। ड्यूटी पर तैनात नाका पार्टी ने दो व्यक्तियों को साइकिल से संदिग्ध हालत में नेपाल की ओर जाते देखा। जवानों द्वारा रुकने का इशारा करने पर दोनों व्यक्तियों ने सामान फेंककर भागने की कोशिश की।
हालांकि, जवानों ने तत्परता दिखाते हुए एक व्यक्ति को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान निवरू पुत्र मुन्नू (43 वर्ष), निवासी रंजीत बोझा, तहसील नानपारा, जनपद बहराइच के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से दो साइकिल और LG ड्यूल इन्वर्टर स्प्लिट एयर कंडीशनर बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह इन सामानों को अवैध रूप से नेपाल ले जाकर बेचता था और इससे प्राप्त धन से अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। आरोपी किसी भी प्रकार के वैध दस्तावेज या बिल प्रस्तुत नहीं कर सका।
कार्रवाई के बाद आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी एवं जब्त सामान को कस्टम कार्यालय नानपारा को आगे की कार्रवाई के लिए सौंप दिया गया है।