झालावाड़ में आदर्श ट्रैफिक अभियान शुरू: यातायात नियमों की पालना पर जोर, 120 चालान काटे
झालावाड़ में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के उद्देश्य से 'आदर्श ट्रैफिक अभियान' शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत वाहन सवारों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई और उल्लंघन करने वालों के चालान भी काटे गए।
झालावाड़ कोतवाली और ट्रैफिक पुलिस ने संयुक्त रूप से सुभाष सर्किल से खंडिया चौराहे तक यह अभियान चलाया। इसमें बाइक सवारों, कार ड्राइवरों और अन्य वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने, शराब पीकर गाड़ी न चलाने, हेलमेट पहनने, मोबाइल पर बात न करने, नो-पार्किंग, ओवरस्पीडिंग और ओवरलोडिंग जैसे नियमों के बारे में बताया गया। इस दौरान लगभग 120 चालान बनाए गए।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटनाएं और उनमें होने वाली मौतें गंभीर चिंता का विषय हैं। आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिले में यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने और जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए यह विशेष अभियान शुरू किया गया है।
यह अभियान खानपुर में भी चलाया गया है। पुलिस का कहना है कि ऐसे अभियानों से आमजन और बाइक सवारों में जागरूकता बढ़ेगी, जिससे ट्रैफिक नियमों का पालन करने से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी। पुलिस द्वारा यह अभियान आगे भी निर्धारित समय के अनुसार जारी रखा जाएगा।
Aima media jhalawar