अजमेर: तंत्र क्रिया के शक में खूनी संघर्ष, फायरिंग में निर्दोष छात्र घायल
अजमेर। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के कुंदन नगर स्थित 'फूस की कोठी' के पास गुरुवार को मकान मालकिन और किराएदार के बीच मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद इतना बढ़ा कि हुई फायरिंग में वहां से गुजर रहा 10वीं कक्षा का एक छात्र गोली लगने से घायल हो गया।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, मकान मालकिन आयशा और किराएदार गुलरेज चिश्ती के बीच काफी समय से किराए को लेकर तनाव चल रहा था। ताजा विवाद तब शुरू हुआ जब किराएदार द्वारा घर के बाहर कथित तौर पर 'ताबीज' जलाने और तंत्र क्रिया करने का शक हुआ। टोकने पर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट और गोलीबारी में बदल गई।
निर्दोष छात्र बना शिकार
घटना के दौरान वहां से गुजर रहा 15 वर्षीय छात्र तुफैल गोली की चपेट में आ गया। गोली छात्र के दाहिने बाजू में जा धंसी। घायल छात्र को तुरंत जेएलएन अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका उपचार जारी है।
पुलिस की कार्रवाई
सिविल लाइंस थाना एसएचओ शंभू सिंह ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी गुलरेज और उसके बेटे अलियान को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल पिस्टल बरामद करने के प्रयास तेज कर दिए हैं और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है।
रिपोर्ट: एआईएमए मीडिया न्यूज़ (AIMA MEDIA)