बजरंग दल द्वारा इटावा में हनुमान जयंती पर भव्य शोभायात्रा आज, तैयारियां पूरी
इटावा, 1 अप्रैल
हनुमान जयंती के पावन अवसर पर इटावा नगर में 2 अप्रैल (गुरुवार) को भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस आयोजन को लेकर विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। शोभायात्रा को सफल बनाने हेतु मास्टर वीरेन्द्र सिंह लोक कल्याण ट्रस्ट परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता जिला धर्माचार्य प्रमुख तेजराज सिंह नोनेरा ने की। बैठक में कोटा जिला सह मंत्री दीपक पारेता एवं जिला धर्मयात्रा प्रमुख सतीश सोनी ने मार्गदर्शन प्रदान किया। इस दौरान शोभायात्रा की अंतिम तैयारियों पर विस्तार से चर्चा कर आयोजन की रूपरेखा तय की गई।
प्रखंड मंत्री मुकट पारेता एवं बजरंग दल प्रखंड संयोजक अनिल उपाध्याय ने जानकारी देते हुए बताया कि शोभायात्रा 2 अप्रैल को अपराह्न 3 बजे झरनिया बालाजी मंदिर से प्रारंभ होगी। गाजे-बाजे, भक्ति गीतों और आकर्षक झांकियों के साथ निकलने वाली यह यात्रा झरनिया बालाजी मंदिर से शुरू होकर ट्रस्ट, सरोवर नगर, महादेव मंदिर और खातोली रोड सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। शोभायात्रा का समापन मास्टर वीरेन्द्र सिंह लोक कल्याण ट्रस्ट परिसर में किया जाएगा।
इस भव्य आयोजन में पारंपरिक अखाड़ों का प्रदर्शन विशेष आकर्षण रहेगा। बजरंग दल अखाड़ा और दुर्गा व्यायामशाला द्वारा हैरतअंगेज करतब दिखाए जाएंगे। इसके अलावा सजीव धार्मिक झांकियां, कच्ची घोड़ी नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शोभायात्रा को और भी भव्य बनाएंगी।
हनुमान जयंती के इस आयोजन को लेकर नगरवासियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। शोभायात्रा के माध्यम से पूरे शहर में भक्ति और श्रद्धा का माहौल बनने की उम्मीद है।
इस अवसर पर नगर मंत्री देवेन्द्र गौड, पार्षद गायत्री सोनी, मुकेश पारेता, सुरेन्द्र जगरोटिया, पूर्व सरपंच कीर्ति खुराना, मिथलेश उपाध्याय, सोनू आर्य सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।