श्योपुर में अवैध मिट्टी परिवहन पर सख्ती: दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त, बड़ौदा में कार्रवाई नही होने पर उठे सवाल।
✍🏻श्योपुर, 01 अप्रैल 2026।
जिले में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार खनिज एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने पॉलीटेक्निक कॉलेज के समीप छापामार कार्रवाई करते हुए मिट्टी का अवैध परिवहन कर रही दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया है।
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार श्रीमती मनीषा मिश्रा एवं जिला खनिज अधिकारी श्री राजेश कुमार गंगेले मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने मौके पर जांच करते हुए पाया कि संबंधित वाहन बिना वैध अनुमति के मिट्टी का परिवहन कर रहे थे, जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त कर लिया गया।
जिला खनिज अधिकारी श्री गंगेले ने जानकारी देते हुए बताया कि जब्त किए गए वाहनों को देहात थाना श्योपुर की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया है तथा प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि संबंधित वाहन मालिकों पर मध्यप्रदेश खनिज (अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण) निवारण नियम-2022 के तहत कार्रवाई जारी है।
बड़ौदा में प्रशासनिक निष्क्रियता पर सवाल
एक ओर जहां श्योपुर में प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है, वहीं बड़ौदा नगर में अवैध मिट्टी खनिज का परिवहन खुलेआम जारी है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार बड़ौदा क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉलियां दिन-रात सड़क मार्गों पर बेखौफ दौड़ रही हैं, लेकिन संबंधित विभागों द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते बड़ौदा में भी सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो अवैध खनन और परिवहन का यह कारोबार और अधिक बढ़ सकता है, जिससे शासन को राजस्व की हानि के साथ-साथ पर्यावरणीय नुकसान भी झेलना पड़ सकता है।
प्रशासन से सख्ती की मांगस्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि श्योपुर की तर्ज पर बड़ौदा क्षेत्र में भी नियमित जांच अभियान चलाकर अवैध खनिज परिवहन पर प्रभावी रोक लगाई जाए, ताकि इस अवैध कारोबार पर अंकुश लगाया जा सके।