तेज रफ्तार ट्रैक्टर नहर में गिरा, चालक की मौत,दो घायल
हुसैनगंज फतेहपुर संवाददाता।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सात मील स्थित नहर पुलिया पर मंगलवार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरा। हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार फतेहपुर से आ रहा एक ट्रैक्टर सात मील नहर पुलिया के पास बलुवापुर जाने वाले मार्ग पर अचानक अनियंत्रित होकर नहर में गिर गया। ट्रैक्टर पर तीन लोग सवार थे। हादसे के समय ट्रैक्टर अरुण पासवान पुत्र राजपाल निवासी मालीपुर, थाना हुसैनगंज चला रहे थे। उनके साथ शेरा पासवान पुत्र सुखलाल व गोलू पटेल पुत्र देवी प्रसाद भी बैठे थे।
हादसे में ट्रैक्टर चालक अरुण पासवान ट्रैक्टर के नीचे दब गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक कुमार पांडे ने बताया कि जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने अरुण पासवान को मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है, जबकि अन्य दोनों घायलों का उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।