जिले में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता, आपूर्ति व्यवस्था पर प्रशासन की कड़ी
निगरानी...
जिले में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता, आपूर्ति व्यवस्था पर प्रशासन की कड़ी निगरानी...
नवादा/ बिहार। वर्तमान परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए एलपीजी गैस सिलेंडर की उपलब्धता एवं आपूर्ति व्यवस्था के संबंध में जिला पदाधिकारी, नवादा श्री रवि प्रकाश के द्वारा जानकारी दी गयी कि जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति पूर्णतः सामान्य एवं पर्याप्त है। आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सजग, सतर्क एवं सक्रिय है। सभी गैस एजेंसियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से गैस वितरण सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि गैस सिलेंडर की जमाखोरी, कालाबाजारी अथवा कृत्रिम अभाव उत्पन्न करने का कोई भी प्रयास किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों, एजेंसियों अथवा संबंधित तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इसी क्रम में प्रभारी जिला आपूर्ति पदाधिकारी, नवादा श्री राज कुमार सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि एचपीसीएल, बीपीसीएल एवं आईओसीएल के प्रबंधकों से प्राप्त अद्यतन सूचना के अनुसार जिले में गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है। 14.2 किलोग्राम श्रेणी के अंतर्गत एचपीसीएल के 2859, बीपीसीएल के 7037 तथा आईओसीएल के 1977 सिलेंडर उपलब्ध हैं, इस प्रकार कुल 11873 गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित है। सभी गैस एजेंसियों के माध्यम से उपभोक्ताओं को डोर-स्टेप डिलीवरी के जरिए नियमित एवं निर्बाध आपूर्ति की जा रही है।
उन्होंने आगे बताया कि आमजनों की सुविधा एवं शिकायतों के त्वरित निष्पादन हेतु जिला स्तर पर एक नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है, जहां प्रशिक्षित कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06324-212122 पर आम नागरिक अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। अब तक नियंत्रण कक्ष में कुल 218 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 192 शिकायतों का निष्पादन सफलतापूर्वक कर दिया गया है, जबकि शेष शिकायतों का निष्पादन प्रक्रियाधीन है।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने यह भी अवगत कराया कि जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार जमाखोरी एवं कालाबाजारी की रोकथाम के लिए जिले के विभिन्न प्रखंडों में धावा दलों का गठन किया गया है। इन धावा दलों में संबंधित प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी तथा संबंधित थाना के थानाध्यक्ष को शामिल किया गया है।
इन धावा दलों द्वारा गैस एजेंसियों के गोदामों का लगातार औचक निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि आपूर्ति व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जा सके तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों को आश्वस्त किया है कि जिले में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है तथा सभी उपभोक्ताओं तक सुचारू, पारदर्शी एवं समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही, नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें एवं आवश्यक होने पर नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें।