कारगिल शहीद के नाम पर बने स्कूल को बंद करना शहीदों का अपमान: डॉ. राजीव बिंदल
नाहन विधानसभा क्षेत्र के गिरिनगर में स्थित कारगिल शहीद कुलविंदर सिंह हाई स्कूल को बंद किए जाने के निर्णय को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर विरोध तेज हो गया है। इस मुद्दे पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. राजीव बिंदल ने कड़ा विरोध जताते हुए प्रदेश कांग्रेस सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
डॉ. बिंदल ने कहा कि यह अत्यंत खेदजनक है कि प्रदेश सरकार ने देश के अमर शहीद के नाम पर चल रहे स्कूल को बंद करने का निर्णय लिया है, जो सीधे-सीधे शहीदों के सम्मान के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध में अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर सपूतों की याद में स्थापित संस्थानों को सहेजना सरकार की जिम्मेदारी होती है, न कि उन्हें बंद करना।
उन्होंने बताया कि गिरिनगर क्षेत्र के पड़दूनी, रामपुर-भारापुर और सैनवाला-मुबारिक सहित करीब आधा दर्जन गांवों के लोगों ने इस निर्णय के खिलाफ आवाज उठाई है। स्थानीय निवासियों के एक प्रतिनिधि मंडल ने उपायुक्त के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर स्कूल को बंद न करने की मांग की है।
डॉ. बिंदल ने प्रदेश कांग्रेस सरकार से मांग करते हुए कहा कि इस जनभावना का सम्मान किया जाए और कारगिल शहीद कुलविंदर सिंह हाई स्कूल को बंद करने का निर्णय तुरंत प्रभाव से वापस लिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस निर्णय को नहीं बदला तो जनता के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने अंत में कहा कि शहीदों का सम्मान किसी भी राजनीतिक दल से ऊपर होता है और इस तरह के फैसले प्रदेश की भावनाओं को आहत करने वाले हैं।