ठाकुर धर्मेंद्र सिंह की मौजूदगी में सुधीर चौधरी बने पश्चिमी यूपी अध्यक्ष, वीरेंद्र गिल को हापुड़ की जिम्मेदारी
गढ़मुक्तेश्वर स्थित ली ग्रांड होटल में आज भारतीय किसान यूनियन जनशक्ति (भाकियू जनशक्ति) का एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर धर्मेंद्र सिंह मुख्य रूप से मौजूद रहे। उनके साथ मेरठ मंडल महासचिव राजा जी और समाजसेवी किसान नेता मोहम्मद रईस भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर धर्मेंद्र सिंह ने किसानों की जनपद स्तरीय समस्याओं को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ विस्तार से संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए संगठन हर स्तर पर संघर्ष करता रहेगा।
संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से इस दौरान महत्वपूर्ण नियुक्तियां भी की गईं। पिछले 6 वर्षों से जिला अध्यक्ष पद पर सक्रिय भूमिका निभा रहे सुधीर चौधरी को उनकी उत्कृष्ट कार्यशैली और कुशल नेतृत्व के आधार पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहीं वीरेंद्र गिल को हापुड़ जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
नवनियुक्त पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष सुधीर चौधरी ने संगठन का आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि वे जल्द ही पूरे पश्चिमी यूपी का दौरा कर संगठन की नीतियों और किसान हितैषी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएंगे।
वहीं, नवनियुक्त हापुड़ जिला अध्यक्ष वीरेंद्र गिल ने अपनी पूरी टीम के साथ संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मंडल और जनपद स्तर के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे, जिससे संगठन की मजबूती और एकजुटता का स्पष्ट संदेश देखने को मिला।