बिशप डॉ. न्यूटन एम. परमार का आगरा आगमन पर भव्य स्वागत ईश्वर की इच्छा और सही समय की प्रतीक्षा ही सफलता का आधार प्रीति परमार
आगरा। आगरा कैंट स्थित ऐतिहासिक हव्लॉक मेथोडिस्ट चर्च में बिशप डॉ. न्यूटन एम. परमार और उनकी पत्नी श्रीमती प्रीति एन. परमार के प्रथम आगरा आगमन पर एक भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान मसीही समाज के विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों और धार्मिक गुरुओं ने बिशप दंपत्ति का गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
भक्तिमय प्रस्तुतियों से गूंजा चर्च
समारोह का कुशल संचालन हव्लॉक चर्च के प्रभारी पादरी रेव. अर्पण जैकब ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना और विशेष गीतों के साथ हुई। युवा सहयोग और डब्ल्यू.एफ.सी.एस. (W.F.C.S.) की टोलियों ने मधुर मसीही गीतों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
विभिन्न संगठनों ने जताया सम्मान
इस शुभ अवसर पर बिशप डॉ. न्यूटन एम. परमार को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित करने वालों में मुख्य रूप से आगरा-मथुरा सम्मेलन के जिला सुपरिटेंडेंट रेव. पंकज इंद्रजीत सिंह, सेंट मैरी चर्च के रेव. फादर जोसेफ डाब्रे, आगरा जिला परिषद चर्च के सचिव डॉ. अमित नेल्सन सिंह और सी.एम.सी.आई. अलीगढ़ के रेव. युसुफ दास शामिल रहे।
सामाजिक संगठनों की ओर से मसीह जन कल्याण समिति के अध्यक्ष श्री प्रवीण मिश्रा, क्रिश्चियन समाज सेवा सोसाइटी के अध्यक्ष श्री डेनिस सिल्वेरा और आगरा संयुक्त कब्रिस्तान समिति के श्री लॉरेंस मसीह ने बिशप का स्वागत किया।
धैर्य और विश्वास पर दिया जोर
अपने संबोधन में श्रीमती प्रीति एन. परमार ने सभी संगठनों के प्रमुखों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आध्यात्मिक संदेश देते हुए कहा कि मनुष्य को हमेशा “ईश्वर की इच्छा की प्रतीक्षा करनी चाहिए और प्रभु द्वारा निर्धारित सही समय का इंतजार करना चाहिए।” उन्होंने विश्वास और धैर्य को जीवन का मुख्य आधार बताया।
इस अवसर पर मीडिया प्रभारी श्री राकेश जैकब लाल सहित मसीही समाज के अनेक गणमान्य नागरिक और मेथोडिस्ट सम्मेलन के सदस्य उपस्थित रहे। समारोह का समापन सामूहिक प्रार्थना और आशीर्वाद के साथ हुआ।