जिलाधिकारी ने बैंकर्स संग बैठक कर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की, लाभार्थियों को समय से ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश...
एटा 31 मार्च 2026 (सू0वि0) जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के सभी बैंकर्स के साथ बैठक कर विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों को समयबद्ध रूप से ऋण उपलब्ध कराए जाने की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को बिना अनावश्यक विलंब के ऋण उपलब्ध कराया जाए,जिससे योजनाओं का वास्तविक लाभ समय पर आमजन तक पहुंच सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के लाभार्थियों तथा चिकोरी प्लांट संचालकों को बैंकिंग प्रक्रिया को सरल बनाते हुए सहज रूप से ऋण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना को ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण बताते हुए बैंकर्स से अपेक्षा की कि वे इसमें सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने शासन की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि इस योजना के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है, अतः पात्र आवेदकों को शीघ्र ऋण स्वीकृति प्रदान कर उन्हें रोजगार स्थापित करने में सहयोग किया जाए।बैठक के दौरान योजनावार प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा बैंकर्स को लक्ष्य पूर्ति हेतु समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश भी प्रदान किए गए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों से अपेक्षा की कि वे आपसी समन्वय स्थापित कर योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाएं, जिससे अधिकाधिक लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त हो सके और जनपद में रोजगार सृजन को बढ़ावा मिल सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद मिश्रा, उपायुक्त उद्योग अर्चना कुमारी,जिला कृषि अधिकारी डॉ0 मनवीर सिंह,लीड बैंक मैनेजर सहित जनपद के विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक आदि उपस्थित रहे।जिला सूचना कार्यालय एटा !