प्यार का खतरनाक अंजाम! शादी से मुकरा प्रेमी, युवती ने दे दी जान — आरोपी गिरफ्तार
बलौदाबाजार। जिले के गिरौदपुरी क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। प्रेम संबंध में धोखा मिलने से आहत एक युवती ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मामले में आरोपी प्रेमी अजय टंडन (31) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी अजय टंडन, निवासी ग्राम बलौदा (हसुवा) थाना गिधौरी, ने युवती को प्रेम के जाल में फंसाकर शादी का झांसा दिया था। दोनों के बीच लंबे समय से संबंध था। लेकिन 25 जनवरी 2026 को जब युवती ने उसे अपने घर बुलाकर शादी की बात कही, तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया और मौके से फरार हो गया।
प्रेमी के इस धोखे से युवती पूरी तरह टूट गई। आहत होकर उसने पहले अपनी कलाई काट ली और फिर कीटनाशक का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में परिजन उसे कसडोल होते हुए बलौदाबाजार के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान 1 फरवरी 2026 को उसकी मौत हो गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी भावना गुप्ता के निर्देश पर गिरौदपुरी चौकी में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।