प्रतिभा को मिला मंच: मेधावी छात्र सम्मान समारोह से जगमगाया श्री हरिराम शर्मा पब्लिक इंटर कॉलेज
सिद्धार्थनगर/इटवा:
इटवा क्षेत्र के श्री हरिराम शर्मा पब्लिक इंटर कॉलेज, सेंदुरी खुनियांव में मेधावी छात्र सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसमें शिक्षा, विज्ञान और प्रशासन जगत की कई प्रमुख हस्तियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। समारोह में उपस्थित अभिभावकों, शिक्षकों और अतिथियों ने बच्चों की उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्य अतिथि, भारत सरकार के पूर्व वैज्ञानिक एवं एसोसिएटेड कॉमनवेल्थ यूनिवर्सिटी टोंगा के डॉ. बेगराज सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संस्कार, कौशल और व्यक्तित्व विकास का माध्यम है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में शिक्षा जितनी जरूरी है, उतना ही जरूरी बच्चों का संस्कारवान होना भी है।
उन्होंने आगे कहा कि शिक्षा बच्चों में आत्मविश्वास पैदा करती है और सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करती है, जिससे वे आत्मनिर्भर बनते हैं और समाज में सकारात्मक योगदान दे पाते हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। समारोह के अंत में सभी ने मिलकर छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।