चक्रवर्ती सम्राट अशोक जयंती पर बलिया में पहली बार निकली भव्य शोभा यात्रा, हजारों लोगों की उमड़ी भीड़
बलिया: सम्राट अशोक की जयंती के अवसर पर बलिया शहर में पहली बार भव्य शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। यह ऐतिहासिक यात्रा कुशवाहा भवन परिखारा से बड़े ही उत्साह और श्रद्धा के साथ प्रारंभ हुई, जिसमें हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लेकर आयोजन की गरिमा को बढ़ाया।
यह शोभा यात्रा एनसीसी तिहारे, कुँवर सिंह चौराहा, टीडी कॉलेज, ओवरब्रिज, चितु पांडेय चौराहा, भृगु आश्रम और कदम चौराहा होते हुए पुनः नया चौक के रास्ते कुशवाहा भवन पर समाप्त हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों का उत्साह देखने लायक रहा।
आयोजकों के अनुसार, यह यात्रा बलिया जिले में पहली बार निकाली गई है और अब इसे हर वर्ष आयोजित करने की योजना बनाई गई है। आने वाले वर्षों में इसमें और अधिक लोगों की भागीदारी की उम्मीद जताई जा रही है।
इस आयोजन में बाहरी जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। यात्रा के सफल संचालन में अजित कुमार वर्मा, बड़े लाल मौर्य, दया शंकर वर्मा, बब्बन मौर्य, सोहिल नाथ वर्मा सहित अन्य सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
यात्रा के दौरान कुशवाहा भवन में श्रद्धालुओं के लिए भव्य भोजन की व्यवस्था की गई थी। वहीं कदम चौराहे पर जिला पंचायत सदस्य बरमेश्वर वर्मा की ओर से मीठे पानी की भी विशेष व्यवस्था कराई गई, जिससे यात्रियों को काफी राहत मिली।
सम्राट अशोक की जयंती पर निकली यह ऐतिहासिक शोभा यात्रा न केवल सामाजिक एकता का प्रतीक बनी, बल्कि बलिया में एक नई परंपरा की शुरुआत भी कर गई।