पेयजल योजनाओं में देरी पर उपायुक्त नाराज, 30 अप्रैल तक कार्य पूरा करने का निर्देश
खराब हैंडपंपों की मरम्मत और शहरी जलापूर्ति में तेजी लाने पर जोर
पाकुड़:-पाकुड़ में उपायुक्त Manish Kumar ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की समीक्षा बैठक कर विभिन्न योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।
बैठक के दौरान शहरी जलापूर्ति योजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि अतिरिक्त संसाधन और मानव बल लगाकर कार्य में तेजी लाई जाए तथा इसे हर हाल में 30 अप्रैल तक पूरा किया जाए।
आगामी गर्मी को देखते हुए उन्होंने सभी खराब हैंडपंपों की शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके लिए पर्याप्त मरम्मत दल तैनात करने और कनीय अभियंताओं को नियमित निगरानी करने को कहा गया, ताकि आम लोगों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े।
उपायुक्त ने जिला समन्वयकों को क्षेत्र भ्रमण कर निर्माणाधीन कार्यों का भौतिक निरीक्षण करने तथा आरपीडब्ल्यूएसएस पोर्टल पर ऑनलाइन प्रविष्टि कार्य शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।
साथ ही कार्यपालक अभियंता को आगामी बैठक में सभी संवेदकों के साथ उपस्थित रहने को कहा गया, ताकि योजनावार समीक्षा कर आवश्यक निर्णय लिए जा सकें।
उपायुक्त ने अधिकारियों को समन्वय के साथ समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि आमजन को पेयजल से जुड़ी समस्याओं से राहत मिलनी चाहिए।