बारां में हमसफर, भवानीमंडी में गरभा एक्सप्रेस को ठहराव होगा: लोगों को मिलेगी सुविधा, सांसद दुष्यंत सिंह के प्रयासों से मिली मंजूरी
झालावाड़-बारां सांसद दुष्यंत सिंह के प्रयासों के बाद रेलवे बोर्ड ने बारां और झालावाड़ जिले के भवानीमंडी में लंबी दूरी की दो ट्रेनों के ठहराव को मंजूरी दे दी है।
सांसद सिंह ने बीते मंगलवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की थी, जिसके बाद रेलवे बोर्ड ने इन ठहरावों की घोषणा की। हालांकि, ठहराव शुरू होने की तिथि अभी घोषित नहीं की गई है।
क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता सलाहकार समिति के सदस्य धीरज गुप्ता ने बताया कि 20481-82 भगत की कोठी-तिरुचिरापल्ली हमसफर एक्सप्रेस को बारां स्टेशन पर ठहराव मिलेगा। इसी तरह 12937-38 गांधीधाम-हावड़ा गरभा एक्सप्रेस भवानीमंडी स्टेशन पर रुकेगी।
गुप्ता के अनुसार बारां में हमसफर एक्सप्रेस के ठहराव से यात्रियों को जयपुर, जोधपुर, नागपुर, विजयवाड़ा, चेन्नई और तिरुचिरापल्ली जैसे शहरों तक सीधी रेल यात्रा की सुविधा मिलेगी।
वहीं, भवानीमंडी में गरभा एक्सप्रेस के ठहराव से गांधीधाम, अहमदाबाद, रतलाम, आगरा, कानपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, गया, धनबाद, आसनसोल और हावड़ा तक के यात्रियों को सीधा संपर्क मिलेगा।
सांसद दुष्यंत सिंह ने इन ठहरावों को झालावाड़ लोकसभा क्षेत्र के लिए धार्मिक और व्यावसायिक पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया और क्षेत्र की जनता को बधाई दी।
Aima media jhalawar