पाकुड़ में आदिम जनजातियों के लिए विशेष सर्वे अभियान, एक माह में पूरा होगा एनटाइटलमेंट सर्वे
73 हजार से अधिक लोगों का मोबाइल ऐप से होगा सर्वे, पारदर्शिता पर विशेष जोर
पाकुड़:-पाकुड़ जिले में आदिम जनजातियों के अधिकारों से जुड़े एनटाइटलमेंट सर्वेक्षण के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक एक माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
उपायुक्त Manish Kumar ने बताया कि यह सर्वे Ministry of Tribal Affairs एवं राज्य सरकार के निर्देश पर कराया जा रहा है। इसके तहत जिले के 349 गांवों के 447 टोलों में रहने वाले 16,778 परिवारों के कुल 73,173 आदिम जनजाति व्यक्तियों का डेटा संग्रह किया जाएगा।
सर्वेक्षण मोबाइल ऐप के माध्यम से किया जाएगा, जो ऑफलाइन मोड में भी कार्य करेगा। बाद में इंटरनेट उपलब्ध होने पर डेटा अपलोड किया जाएगा।
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है, जबकि प्रखंड कल्याण पदाधिकारी पर्यवेक्षक की भूमिका निभाएंगे। प्रत्येक 100 परिवार पर एक एन्यूमैरेटर की नियुक्ति की जाएगी, जिन्हें प्रति हाउसहोल्ड 150 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
सर्वे के दौरान लाभुकों से किसी भी प्रकार का ओटीपी नहीं लिया जाएगा। साथ ही मनरेगा जॉब कार्ड, पेंशन, आवास, आयुष्मान कार्ड, उज्ज्वला योजना, आधार, किसान योजनाओं सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी एकत्र की जाएगी।
प्रशिक्षण के तहत 31 मार्च को आईटीडीए कार्यालय में अधिकारियों का प्रशिक्षण और 1 अप्रैल को प्रखंड स्तर पर एन्यूमैरेटर का प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा।
प्रशासन ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि इस अभियान को पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए, ताकि पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।