logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

विशाखापट्टनम में नौसेना अधिकारी की सनसनीखेज वारदात: प्रेमिका की हत्या कर शव के अंग फ्रिज में छिपाए

आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। गजुवाका के एलवी नगर इलाके में एक विवाहित नौसेना अधिकारी पर अपनी प्रेमिका की हत्या कर शव के अंगों को फ्रिज में छिपाने का आरोप लगा है। इस खौफनाक वारदात ने 2022 के श्रद्धा वालकर हत्याकांड की यादें फिर से ताजा कर दी हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान 35 वर्षीय चिंतादा रवींद्र के रूप में हुई है, जो आईएनएस डेगा में तैनात नौसेना अधिकारी बताया जा रहा है। मृत महिला की पहचान 29 वर्षीय मोनिका के रूप में हुई है।

डेटिंग ऐप से शुरू हुआ था रिश्ता

जांच में सामने आया है कि रवींद्र और मोनिका की मुलाकात वर्ष 2021 में एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो बाद में विवाहेतर संबंध में बदल गई। पुलिस का कहना है कि रवींद्र पहले से शादीशुदा था, लेकिन इसके बावजूद दोनों के बीच लगातार संपर्क बना रहा।

पत्नी मायके में थी, तभी घर बुलाया

पुलिस के मुताबिक, रवींद्र की पत्नी पिछले कुछ हफ्तों से विजयनगरम स्थित अपने मायके में रह रही थी। घर में अकेला होने का फायदा उठाते हुए रवींद्र ने रविवार दोपहर मोनिका को अपने घर बुलाया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच समय बिताने के दौरान पैसों और रिश्ते को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई।

3.5 लाख रुपये और ब्लैकमेल का आरोप

पूछताछ में आरोपी ने दावा किया है कि मोनिका ने उससे करीब 3.5 लाख रुपये लिए थे। आरोपी के मुताबिक, महिला उसे लगातार ब्लैकमेल कर रही थी और उनके संबंधों की जानकारी उसकी पत्नी को देने की धमकी देती थी। रविवार को भी इसी मुद्दे पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।

गुस्से में की हत्या

पुलिस का कहना है कि विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में रवींद्र ने चाकू से मोनिका पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने के इरादे से शव के कई टुकड़े कर दिए।

शव के अंग फ्रिज में मिले

जांच अधिकारियों के अनुसार, आरोपी ने शव के कुछ हिस्सों को बैग में भरकर सुनसान इलाके में फेंक दिया, जबकि बाकी अंगों को अपने घर के फ्रिज में छिपा दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद रवींद्र ने खुद पुलिस स्टेशन पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया और अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

जब पुलिस आरोपी के घर पहुंची और तलाशी ली, तो फ्रिज के अंदर मानव शरीर के अंग बरामद हुए। इस दृश्य ने पुलिस टीम को भी झकझोर कर रख दिया।

सिर अब तक लापता

पुलिस ने बताया कि अभी तक मृतका का सिर बरामद नहीं हो पाया है। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी ने सिर को किसी दूरस्थ स्थान पर फेंक दिया है। पुलिस की टीमें अलग-अलग इलाकों में तलाशी अभियान चला रही हैं।

श्रद्धा वालकर केस की याद ताजा

यह मामला 2022 के चर्चित श्रद्धा वालकर हत्याकांड की याद दिलाता है, जिसमें आरोपी आफताब ने शव के कई टुकड़े कर उन्हें फ्रिज में रखा था। विशाखापट्टनम की यह वारदात एक बार फिर रिश्तों में बढ़ते तनाव, ब्लैकमेल और अपराध की क्रूरता पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

पुलिस हर एंगल से कर रही जांच

फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की कई पहलुओं से जांच कर रही है। कॉल रिकॉर्ड, चैट हिस्ट्री, बैंक लेनदेन और फॉरेंसिक साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की असली वजह और घटनाक्रम को विस्तार से समझने की कोशिश की जा रही है।

यह घटना न केवल विशाखापट्टनम पूरे देश में चर्चा का विषय बनी हुई है।

9
2828 views

Comment