"संकल्प से समाधान अभियान" में मुरैना प्रदेश में तीसरे स्थान पर
22 विभागों की 97 सेवाओं से 1.46 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त
“संकल्प से समाधान अभियान” में मुरैना प्रदेश में तीसरे स्थान पर
समन्वय और सक्रियता से मिली सफलता : कलेक्टर
प्रदेश सरकार द्वारा संचालित “संकल्प से समाधान अभियान” में मुरैना जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। कलेक्टर श्री लोकेश कुमार जांगिड़ ने टाउनहॉल मुरैना में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में बताया कि 12 जनवरी से 26 मार्च 2026 तक चले इस अभियान के दौरान जिले में 22 विभागों द्वारा 97 सेवाओं के अंतर्गत कुल 1,46,087 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 1,43,900 आवेदनों का निराकरण किया गया, जबकि 1,178 आवेदन अस्वीकृत हुए।
कलेक्टर ने बताया कि यह उपलब्धि सभी विभागों के समन्वित प्रयासों और शिविरों के माध्यम से किए गए प्रभावी कार्य का परिणाम है। अभियान के दौरान लगभग डेढ़ लाख आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, पीएम स्वनिधि योजना, भवन निर्माण अनुज्ञा, नल-जल योजना, लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस, मातृत्व वंदना, लाड़ली लक्ष्मी, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जैसी सेवाओं के बड़ी संख्या में आवेदन शामिल रहे।
इसके साथ ही खसरा-खतौनी प्रतिलिपि, चालू नक्शे, पीएम किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना, आयुष्मान भारत, श्रमिक पंजीयन एवं विभिन्न पेंशन योजनाओं में भी व्यापक स्तर पर कार्यवाही कर अधिकांश आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई और मौके पर ही समस्याओं का समाधान किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर द्वारा हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव, आयुक्त नगर निगम श्री सत्येन्द्र धाकरे, एसडीएम मुरैना श्री बी.एस. कुशवाह, एसडीएम अंबाह श्री रामनिवास सिकरवार सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री श्याम सिंह सिकरवार ने किया।
-
#JansamparkMP #morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh