सहारनपुर कलक्ट्रेट में शराब ठेकों के खिलाफ महिलाओं का प्रदर्शनः प्रशासन पर अनदेखी का आरोप, सौंपा ज्ञापन
सहारनपुर देहात विधानसभा क्षेत्र के आसनवाली गांव की महिलाओं ने सोमवार को गांव में संचालित दो शराब ठेकों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। दोपहर के समय बड़ी संख्या में महिलाएं कलक्ट्रेट पहुंचीं और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ठेके हटाने की मांग की। उनका आरोप है कि इन ठेकों से गांव का सामाजिक माहौल बिगड़ रहा है, जिसका सीधा असर परिवारों, बच्चों और युवाओं पर पड़ रहा है।
इस प्रदर्शन का नेतृत्व आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के जिलाध्यक्ष सचिन खुराना ने किया। उनके साथ कई ग्रामीण और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद थे। प्रदर्शनकारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें मांग की गई कि गांव के अंदर स्थित दोनों शराब ठेकों को तत्काल प्रभाव से गांव की सीमा से बाहर स्थानांतरित किया जाए।महिलाओं ने आरोप लगाया कि वे पहले भी इस मुद्दे पर गांव में धरना दे चुकी हैं, लेकिन तब कोई भी जिम्मेदार अधिकारी उनकी समस्या सुनने नहीं पहुंचा। इस अनदेखी से उनमें गहरा आक्रोश है। उनका कहना है कि प्रशासन की यह उदासीनता जनभावनाओं का अपमान है।
ग्रामीणों के अनुसार, शराब ठेकों के कारण गांव में आए दिन विवाद और झगड़े बढ़ गए हैं। महिलाओं ने यह भी बताया कि शराब के सेवन से घरेलू हिंसा के मामले बढ़े हैं, जिससे उनका जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान करने की अपील की।
इस दौरान आजाद समाज पार्टी के पदाधिकारियों ने प्रशासन को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे माताओं-बहनों के सम्मान और गांव की सुरक्षा के लिए बड़ा जनआंदोलन शुरू करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन कीइस आदोलन की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त किया और मामले की जांच तथा उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।