logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

गृहकर पीड़ित संघर्ष समिति के संयोजक प्रीतम लाल के नेतृत्व में बैठक, आंदोलन तेज करने का ऐलान गृहकर बढ़ोतरी के खिलाफ बढ़ा विरोध

गाजियाबाद। पांडव नगर क्षेत्र में गृहकर पीड़ित संघर्ष समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं एवं आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने सक्रिय भागीदारी की। बैठक में गृहकर की बढ़ोतरी के मुद्दे पर व्यापक चर्चा करते हुए आगामी रणनीति तय की गई।
बैठक की अध्यक्षता पश्चिमी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश महासचिव तिलक राज अरोड़ा एवं संघर्ष समिति के संयोजक प्रीतम लाल ने की। प्रीतम लाल ने बताया कि 24 मार्च 2026 को जिलाधिकारी को गृहकर वृद्धि के विरोध में ज्ञापन सौंपा गया था। ज्ञापन दिए जाने के पश्चात लगभग एक सप्ताह बीत चुका है।
प्रशासन की ओर से 31 मार्च 2026 तक सॉफ्टवेयर अपडेट के नाम पर समय मांगा गया था। इस दौरान मेयर सुनीता दयाल ने आश्वासन दिया था कि गृहकर पुराने रेट पर ही लिया जाएगा, लेकिन अब तक कोई संतोषजनक या सकारात्मक जवाब प्राप्त नहीं हुआ है।
प्रशासन की इस उदासीनता को देखते हुए समिति ने आंदोलन को तेज करने का निर्णय लिया। सर्वसम्मति से तय किया गया कि 2 अप्रैल 2026 को गाजियाबाद के सांसद अतुल गर्ग को ज्ञापन सौंपा जाएगा। समिति का कहना है कि सांसद से स्पष्ट और ठोस आश्वासन मिलने के बाद ही आगे की रणनीति तय की जाएगी।
संघर्ष समिति ने स्पष्ट किया कि जब तक गृहकर वृद्धि का समाधान नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा और इसके लिए हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा।
बैठक में बालकिशन गुप्ता, ओम दत्त गुप्ता, महानंद नागर, संजय शर्मा, अमित गोयल, विशाल गोस्वामी, तिलक राज अरोड़ा, आर.के. आर्य, धीरेंद्र यादव, वीरेश चंद्र सिंह, राजीव अग्रवाल, विनय गुप्ता, वी.पी. सिंह, राजपाल शर्मा, नरेंद्र गुप्ता नंदी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने एकजुट होकर गृहकर वृद्धि के खिलाफ संघर्ष को तेज करने का संकल्प लिया।

0
0 views

Comment