सौरभ दीक्षित बने शाहजहांपुर के नए एसपी, राजेश द्विवेदी का तबादला अलीगढ़ पीएसी में
शाहजहांपुर:
जनपद के पुलिस महकमे में एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश द्विवेदी का तबादला कर उन्हें अलीगढ़ स्थित 38वीं वाहिनी पीएसी का सेनानायक बनाया गया है। उनके स्थान पर सौरभ दीक्षित को शाहजहांपुर का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। सौरभ दीक्षित इससे पहले फिरोजाबाद में अपनी सेवाएं दे रहे थे।
कार्यकाल में दिखी सख्त पुलिसिंग
राजेश द्विवेदी ने 23 मार्च 2025 को शाहजहांपुर में एसपी का कार्यभार संभाला था। उनके कार्यकाल के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए कई प्रभावी कदम उठाए गए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के स्पष्ट निर्देश दिए, जिससे अपराध नियंत्रण में सुधार देखने को मिला।
‘लाट साहब’ जुलूस रहा शांतिपूर्ण
उनके नेतृत्व में शहर का प्रसिद्ध ‘होली का लाट साहब’ जुलूस सकुशल संपन्न हुआ। इस आयोजन के लिए पुलिस प्रशासन ने करीब दो महीने पहले से तैयारी शुरू कर दी थी। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के चलते यह आयोजन बिना किसी अप्रिय घटना के शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
स्मैक तस्कर पर बड़ी कार्रवाई
कटरा थाना क्षेत्र के कुख्यात स्मैक तस्कर रियाज उर्फ बाबू पडेरा के खिलाफ भी उनके कार्यकाल में बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा और हाल ही में उसकी करीब 80 करोड़ रुपये की संपत्ति को फ्रीज कर नाप-जोख की प्रक्रिया भी पूरी कराई। इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना गया।
नए एसपी से बढ़ी उम्मीदें
वहीं, नए एसपी के रूप में सौरभ दीक्षित की तैनाती के बाद जिले में सख्त पुलिसिंग और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण की उम्मीद जताई जा रही है। उनकी छवि एक तेज-तर्रार और अनुशासनप्रिय अधिकारी की मानी जाती है, जो लापरवाही को कतई बर्दाश्त नहीं करते।
पुलिस विभाग के साथ-साथ आम जनता को भी उनसे बेहतर कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की उम्मीद है। अब देखना होगा कि उनके नेतृत्व में शाहजहांपुर में पुलिसिंग किस तरह नई दिशा लेती है।