शाहजहांपुर में शादी की जिद में युवक टावर पर चढ़ा
शाहजहांपुर में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक अपनी पसंद की शादी की जिद को लेकर ऊंचे टावर पर चढ़ गया। घटना कछियानी खेड़ा क्षेत्र की है, जहां कपसेड़ा निवासी 23 वर्षीय रामू टावर के ऊपरी हिस्से पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंच गए और उसे सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू कर दिए गए।
बताया जा रहा है कि रामू जैतीपुर थाना क्षेत्र में रहने वाले अपने एक रिश्तेदार की बेटी से शादी करना चाहता है। वह लंबे समय से इस संबंध को लेकर प्रयास कर रहा था, लेकिन किसी कारणवश बात नहीं बन पा रही थी। इसी बात से परेशान होकर उसने यह कदम उठा लिया।
सोमवार को रामू बिना परिवार को बताए घर से निकल गया और कछियानी खेड़ा पहुंचकर टावर पर चढ़ गया। राहगीरों ने उसे रोकने और नीचे उतरने के लिए कहा, लेकिन उसने किसी की नहीं सुनी और ऊपर चढ़ता चला गया। इसके बाद लोगों ने तत्काल पुलिस और परिजनों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक से बातचीत कर उसे नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। मौके पर भारी भीड़ भी जमा हो गई। करीब एक घंटे से अधिक समय तक युवक टावर पर ही डटा रहा, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
सीओ तिलहर ज्योति यादव ने बताया कि युवक शादी की जिद को लेकर टावर पर चढ़ा है। उससे लगातार बातचीत कर उसे सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश की जा रही है।
वहीं, परिजनों का कहना है कि उन्हें रामू की इस शादी की इच्छा के बारे में पहले कोई जानकारी नहीं थी। अचानक हुई इस घटना से परिवार भी हैरान है। फिलहाल पुलिस युवक को सकुशल नीचे उतारने में जुटी हुई है।