नेपाल बार्डर से गुमशुदा बरामद
गोंडा। कटरा बाजार पुलिस ने लगभग आठ माह से लापता एक युवक को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया है। 28 जुलाई 2025 को डन्डही मौजा वीरपुर निवासी कलावती पत्नी केशवराम ने अपने 35 वर्षीय पुत्र संतोष कुमार के लापता होने की सूचना कटरा बाजार थाने में दी थी। संतोष की मानसिक स्थिति सामान्य न होने के कारण पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी।
प्रभारी निरीक्षक विवेक त्रिवेदी के निर्देश पर उपनिरीक्षक अरविंद कुमार और उनकी टीम लगातार युवक की तलाश में जुटी थी। इसी बीच, नेपाल सीमा क्षेत्र में सतर्कता के दौरान सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवानों को संतोष कुमार संदिग्ध अवस्था में मिला। पूछताछ के बाद उसकी पहचान संतोष कुमार के रूप में हुई। SSB के हेड कांस्टेबल/जीडी विवेकानंद त्रिपाठी और उनकी टीम ने सिक्किम पुलिस के सहयोग से कटरा बाजार थाने को इसकी सूचना दी।
उच्चाधिकारियों के निर्देश पर उपनिरीक्षक अरविंद यादव और कांस्टेबल आशीष कुमार सिक्किम के देन्तांग थाने पहुंचे और युवक को सुरक्षित वापस लेकर आए। पुलिस ने संतोष को उसके परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने पुलिस टीम के प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया।