वाराणसी हरसोस किसानों शांतिपूर्ण तरीके से विरोध जारी रखेंगे l
हरसोस, (29/03/2026) — ग्राम हरसोस में आज किसानों द्वारा प्रस्तावित सामाजिक समाघात (Social Impact Assessment) के फॉर्म भरने की प्रक्रिया को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में बड़ी संख्या में स्थानीय किसान एकत्रित हुए थे, जिनका उद्देश्य भूमि अधिग्रहण से संबंधित प्रक्रिया पर चर्चा करना और सामूहिक रूप से अपनी बात रखना था।
इसी दौरान पुलिस बल के साथ कुछ अन्य लोग मौके पर पहुँचे और बैठक को रोकने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस की मौजूदगी में किसानों को वहां से हटाया गया, जिससे बैठक बाधित हो गई और अंततः असफल हो गई।
घटना के बाद कुछ किसानों को जन्सा थाने पर बुलाया गया, जहां पुलिस अधिकारियों ने उन्हें निर्देश दिया कि सामाजिक समाघात के फॉर्म भरने के लिए भीड़ एकत्रित न करें, बल्कि घर-घर जाकर व्यक्तिगत रूप से फॉर्म भरें।
वहीं, किसानों ने इस पर कड़ा विरोध जताते हुए स्पष्ट कहा कि वे किसी भी स्थिति में अपनी भूमि नहीं देंगे। किसानों का कहना है कि वे अपनी जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट हैं और आगे भी शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध जारी रखेंगे।
स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि प्रशासन द्वारा शांति व्यवस्था बनाए रखने की बात कही जा रही है।