हरियाणा खेल विश्वविद्यालय में विश्वविद्यालय कोर्ट की तृतीय बैठक आयोजित
राई, अजय कुमार (9068680641)।।
हरियाणा खेल विश्वविद्यालय, राई में विश्वविद्यालय कोर्ट की तृतीय बैठक सोमवार को विश्वविद्यालय के सम्मेलन कक्ष में हाइब्रिड मोड (ऑफलाइन एवं ऑनलाइन) के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कुलपति अशोक कुमार (आईपीएस सेवानिवृत्त) ने की।
बैठक में ऑफलाइन रूप से कुलसचिव जसविंदर सिंह, डीन शारीरिक शिक्षा एवं खेल प्रो. योगेश चंदर, डीन स्पोर्ट्स साइंस डॉ. विवेक कुमार सिंह, वित्त अधिकारी नीलम कौशिक, वरिष्ठ कोच अनिल मलिक, द्रोणाचार्य अवार्डी रामपाल मान, पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता सुमित अंतिल, सदस्य अनिल बंसल, वरिष्ठ वार्डन डॉ. गोपाल तथा सहायक कुलसचिव डॉ. अन्नु उपस्थित रहे। वहीं ऑनलाइन माध्यम से विभिन्न संस्थानों व विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और खेल विशेषज्ञ भी बैठक से जुड़े।
बैठक में विश्वविद्यालय से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। इसमें वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट अनुमान, जिसे वित्त अधिकारी नीलम कौशिक ने प्रस्तुत किया, तथा वर्ष 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट, जिसे डीन प्रो. योगेश चंदर ने प्रस्तुत किया, प्रमुख एजेंडा रहे।
विशेषज्ञों ने खिलाड़ियों के विकास, खेल शिक्षा और आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर अपने सुझाव साझा किए। द्रोणाचार्य अवार्डी रामपाल मान ने ग्रासरूट स्तर पर खिलाड़ियों की तैयारी मजबूत करने तथा डोपिंग और आयु संबंधी अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाने पर जोर दिया। पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता सुमित अंतिल ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन में स्पोर्ट्स साइंस की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए इसे और बढ़ावा देने की आवश्यकता जताई।
वरिष्ठ कोच अनिल मलिक ने खेलो इंडिया व भारतीय खेल प्राधिकरण के साथ बेहतर समन्वय की आवश्यकता बताई, वहीं अर्जुन अवार्डी खजान सिंह ने कोचों के लिए आधुनिक प्रशिक्षण कोर्स शुरू करने का सुझाव दिया। मेजर जनरल दीप अहलावत ने विश्वविद्यालय में ईआरपी, लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम और स्पोर्ट्स साइंस लैब्स पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
बैठक में राज्य में शूटिंग रेंज की कमी का मुद्दा भी उठाया गया और राई परिसर में जल्द सुविधाएं विकसित करने का सुझाव दिया गया। साथ ही विभिन्न संस्थानों के साथ सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
अंत में कुलपति अशोक कुमार ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया।