logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

शाहजहांपुर में नवागत नगर आयुक्त ने संभाला कार्यभार, जनता की समस्याओं के समाधान पर रहेगा फोकस

शाहजहांपुर। नगर निगम शाहजहांपुर को सोमवार को नई नगर आयुक्त के रूप में आईएएस अधिकारी सौम्या गुरूरानी मिल गईं। उन्होंने विधिवत कार्यभार ग्रहण करते हुए शहर के विकास और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। नगर निगम कार्यालय पहुंचने पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया।

कार्यभार ग्रहण के दौरान निवर्तमान नगर आयुक्त डॉ. विपिन मिश्रा भी मौजूद रहे। उन्होंने सौम्या गुरूरानी को जिम्मेदारी सौंपते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। गौरतलब है कि डॉ. मिश्रा का तबादला हाल ही में उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम में अपर निबंध निदेशक के पद पर किया गया है।

प्रतिमा प्रकरण के बाद हुआ प्रशासनिक बदलाव

नगर निगम में यह बदलाव उस विवाद के बाद हुआ, जिसमें शहीदों की प्रतिमाओं को जेसीबी से गिराए जाने का मामला सामने आया था। इस घटना के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए पहले जेई और एई को निलंबित किया। साथ ही संबंधित फर्म फ्लाई इंफाटेक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे ब्लैकलिस्ट भी कर दिया गया। घटना के लगभग एक सप्ताह बाद नगर आयुक्त का तबादला कर दिया गया।

प्रशासनिक अनुभव का मिलेगा लाभ

नवागत नगर आयुक्त सौम्या गुरूरानी के पास प्रशासनिक अनुभव का अच्छा खासा दायरा है। इससे पहले वह हरदोई में मुख्य विकास अधिकारी, प्रयागराज में जॉइंट मजिस्ट्रेट तथा मेरठ में प्रशिक्षण अवधि के दौरान विभिन्न प्रशासनिक कार्यों का अनुभव प्राप्त कर चुकी हैं।

विकास कार्यों में तेजी और पारदर्शिता पर जोर

मीडिया से बातचीत में सौम्या गुरूरानी ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता शहरवासियों की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही शासन की प्राथमिकताओं वाले विकास कार्यों को तेजी और पारदर्शिता के साथ लागू किया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम की कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाते हुए आम जनता का भरोसा मजबूत करना उनका लक्ष्य रहेगा। शहर की सफाई व्यवस्था, जल निकासी, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

जनता से संवाद बढ़ाने की तैयारी

नई नगर आयुक्त ने संकेत दिए कि जनता की शिकायतों को सीधे सुनने और उनका समाधान करने के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित की जाएगी। इसके तहत जनसुनवाई को मजबूत करने और तकनीकी माध्यमों का उपयोग बढ़ाने पर भी विचार किया जा रहा है।

नगर आयुक्त के रूप में सौम्या गुरूरानी की तैनाती से शहर में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

1
58 views

Comment