तारडीह में MSU का जनसंपर्क अभियान तेज, जन मुद्दों पर उठी आवाज
दरभंगा:- मिथिला स्टूडेंट यूनियन (MSU) ने तारडीह प्रखंड के कुरसो, नदियामी और ठेंगहा गांवों में व्यापक जनसंपर्क व जनजागरण अभियान चलाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने स्थानीय लोगों से संवाद कर क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं पर चर्चा की और संगठन की मांगों को मजबूती से रखा।
अभियान में राष्ट्रीय महासचिव वीरेंद्र कुमार, अभिषेक यादव, अंकित आजाद, बिपिन कुमार, गौत्तम जी व विकास कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया और सभी ने एक स्वर में दरभंगा के सांसद से जवाब मांगा।
MSU ने सवाल उठाते हुए कहा कि दरभंगा AIIMS का निर्माण वर्षों से अधूरा क्यों है, फ्लाईओवर व सड़क परियोजनाएं लंबित क्यों हैं और IT पार्क सुचारू रूप से संचालित क्यों नहीं हो रहा। इसके साथ ही दरभंगा–कुशेश्वरस्थान–खगड़िया रेलवे लाइन, बंद पड़े उद्योग, रेलवे स्टेशन सौंदर्यीकरण, मैथिली भाषा को द्वितीय राजभाषा का दर्जा, मैथिली अकादमी, LNMU के डिस्टेंस कोर्स, आमस एक्सप्रेस-वे, सकरी-बिरौल फोर लेन, DMCH व ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था तथा बढ़ते अपराध जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि इन समस्याओं पर शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।