logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

जवाहर नवोदय विद्यालय, बहरागोड़ा में विद्यालय प्रबंधन समिति एवं विद्यालय सलाहकार समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित



बहरागोड़ा स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में विद्यालय प्रबंधन समिति एवं विद्यालय सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी बतौर अध्यक्ष शामिल हुए। बैठक में विद्यालय के बुनियादी ढांचे, शिक्षा की गुणवत्ता, छात्रों की सुरक्षा, बजट उपयोग तथा चयन परीक्षा की तैयारियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस दौरान उपायुक्त ने विद्यालय की कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, खेल मैदान, भोजनालय एवं छात्रावासों का निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षण गुणवत्ता, अनुशासन, विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी लेते हुए छात्रों के सर्वांगीण विकास, बेहतर भविष्य निर्माण एवं करियर काउंसलिंग की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया।

उपायुक्त ने कहा कि नवोदय विद्यालयों में मुख्यतः ग्रामीण पृष्ठभूमि के प्रतिभावान विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त करते हैं, इसलिए शिक्षा के साथ-साथ उनके मानसिक एवं शारीरिक विकास पर भी समान ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने विद्यालय में नियमित खेलकूद, आउटरीच कार्यक्रम एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों को अनिवार्य बताया।

उपायुक्त के आगमन पर विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा बैंड पार्टी, सामूहिक गान एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर उन्होंने छात्रों से संवाद कर उन्हें अपने रुचि के अनुसार लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन, मेहनत, लगन एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही विद्यार्थियों को अपने माता-पिता एवं समाज के सपनों को साकार करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित भी किया गया। उपायुक्त ने विद्यालय में उपलब्ध स्मार्ट कक्षाओं, खेल मैदान एवं बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था की सराहना करते हुए आधारभूत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण एवं सुविधाओं के विस्तार के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

उन्होंने शिक्षकों की कमी को दूर करने तथा विद्यार्थियों के नियमित स्वास्थ्य जांच हेतु एमओआईसी बहरागोड़ा को विद्यालय प्रबंधन के साथ समन्वय स्थापित कर हेल्थ कार्ड अपडेट करने का निर्देश भी दिया।

इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी बहरागोड़ा श्री केशव भारती, अंचल अधिकारी राजा राम मुंडा, एमओआईसी बहरागोड़ा, नवोदय विद्यालय के प्राचार्य, प्रबंधन समिति के सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

रिपोर्ट: आनंद किशोर

बिहार झारखंड न्यूज़ नेटवर्क

5
176 views

Comment