सरकारी अस्पताल की लापरवाही,पैथोलॉजी डिपार्टमेंट में रसायनों की कमी, जरूरी जांचें बंद
फिरोजाबाद /शिकोहाबाद:
फिरोजाबाद जनपद के शिकोहाबाद नगर स्थित राजनारायण माहेश्वरी ज्वाइंट हॉस्पिटल में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होती नजर आ रही हैं। अस्पताल के पैथोलॉजी विभाग में आवश्यक उपकरणों व जांच में उपयोग होने वाले रसायनों की कमी के कारण मरीजों की जरूरी जांच नहीं हो पा रही है।
जानकारी के अनुसार, रोजाना बड़ी संख्या में आने वाले मरीजों को खून, पेशाब समेत अन्य जरूरी जांचों के लिए परेशान होना पड़ रहा है। कई मरीजों को बाहर की निजी लैब्स का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे उन्हें अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी अस्पताल में इस तरह की व्यवस्थाओं का अभाव गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जल्द से जल्द उपकरण व आवश्यक रसायनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि मरीजों को समय पर उपचार मिल सके।