जमशेदपुर: फरार हत्या आरोपी के घर पुलिस ने चस्पा किया इश्तेहार
जमशेदपुर के गोविन्दपुर थाना क्षेत्र में हत्या के एक गंभीर मामले में फरार चल रहे आरोपी के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई तेज कर दी है। दिनांक 29-03-2026 को गोविन्दपुर थाना कांड संख्या 88/23 (दिनांक 26.10.2023) धारा 302 भा.द.वि. के तहत नामजद अप्राथमिकी अभियुक्त राम सोरेन के घर पर पुलिस द्वारा इश्तेहार चस्पा किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राम सोरेन (पिता- विश्वनाथ सोरेन), निवासी पुराना गिट्टी मशीन, पानी टंकी के पास, थाना गोविन्दपुर, जिला पूर्वी सिंहभूम, अपनी पत्नी शुरू कुई की हत्या के बाद से लगातार फरार चल रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत है, लेकिन अब तक वह पुलिस की पकड़ से बाहर है।
पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया के तहत आरोपी के घर पर इश्तेहार चस्पा कर उसे निर्धारित समय सीमा के भीतर आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है। यदि आरोपी तय समय के अंदर कोर्ट या पुलिस के समक्ष प्रस्तुत नहीं होता है, तो उसके खिलाफ आगे की कठोर कानूनी कार्रवाई, जैसे संपत्ति कुर्की की प्रक्रिया, भी शुरू की जा सकती है।
इस मामले की एक और चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि राम सोरेन का आपराधिक इतिहास पहले से रहा है। जानकारी के मुताबिक, वह अपनी पहली पत्नी की हत्या के मामले में भी जेल जा चुका है। जेल से रिहा होने के बाद उसने शुरू कुई से दूसरी शादी की थी, लेकिन अब उस पर दूसरी पत्नी की हत्या का भी आरोप है।
घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
गोविन्दपुर थाना पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।