logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

आरा में सनसनी: फेसबुक पोस्ट पर विवाद; हथियारबंद बदमाशों ने युवक को मारी गोली

भोजपुर जिले के बड़हरा थाना क्षेत्र के पैगा गांव में फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर हुए विवाद में एक युवक को गोली मार दी गई। घायल अमित सिंह (25) को दाहिनी कलाई में गोली लगी है।
आरा। भोजपुर जिले के बड़हरा थाना क्षेत्र के पैगा गांव में रविवार की देर शाम फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक रूप ले बैठा।

हथियारबंद आरोपितों ने एक युवक को गोली मार दी। जख्मी युवक की पहचान पैगा गांव वार्ड संख्या 14 निवासी स्व. संत सिंह के 25 वर्षीय पुत्र अमित सिंह के रूप में हुई है।

बड़हरा थाना क्षेत्र के पैगा गांव में वारदात
युवक की दाएं हाथ की कलाई के ऊपर गोली लगी है। गंभीर हालत में इलाज़ के लिए तत्काल आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इधर, घटना की सूचना मिलते ही बड़हरा थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। स्वजन के अनुसार, दो दिन पहले फेसबुक पर फोटो को लेकर अमित सिंह के स्वजन और परशुराम सिंह के बीच गाली-गलौज हुई थी।

हालांकि बाद में मामला शांत हो गया था, लेकिन शनिवार को गुमटी पर मारपीट की गई थी, जिसके बाद थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।

दो राउंड फायरिंग का आरोप
आरोप है कि रविवार की देर शाम हथियार बंद आरोपित अपने साथियों के साथ अमित सिंह के घर पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान अमित सिंह को गोली लग गई।

घायल के भाई सुमित सिंह ने बताया कि परशुराम सिंह नामक व्यक्ति ने उनके मामा कौशल सिंह के साथ फोटो खींचवाया था। जिसे लेकर दो दिन पूर्व फेसबुक पर गाली-गलौज की गई थी।

हालांकि, उसके बाद बात खत्म हो गई थी। उन्होंने परशुराम सिंह समेत अन्य पर दो राउंड फायरिंग कर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। इंस्पेक्टर नागेन्द्र पाल ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पूर्व से ही विवाद चला आ रहा है। घटना के बाद से आरोपित फरार है।

4
883 views

Comment