दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, महिला की मौत; पति समेत तीन घायल
शाहजहांपुर। पुवायां थाना क्षेत्र में रविवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसके पति समेत तीन लोग घायल हो गए। हादसा मोहम्मदी रोड स्थित लालपुर मोड़ के पास रात करीब साढ़े 11 बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार, 55 वर्षीय कांता देवी अपने पति कमल प्रकाश के साथ मोहम्मदी से देवस्थान स्थित घर लौट रही थीं। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर सिंधौली क्षेत्र के सैजना निवासी छोटू यादव और उनके रिश्तेदार ओमपाल सवार थे, जो लखीमपुर के मेंहदी पिपरिया से वापस घर जा रहे थे।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि चारों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने कांता देवी को मृत घोषित कर दिया।
अन्य घायलों—कमल प्रकाश, छोटू यादव और ओमपाल—की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया गया है कि मृतका के परिवार में चार बेटियां और एक बेटा है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वे अस्पताल पहुंच गए।