logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

खेत में मिला महिला के सिर का कंकाल, डीएनए जांच से होगी पहचान शाहजहांपुर में सनसनी, लापता महिला से जोड़कर देखा जा रहा मामला

शाहजहांपुर, जागरण संवाददाता।
जनपद के सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र के बरेंग गांव में एक सरसों के खेत से महिला के सिर का कंकाल मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया, जिसमें पुष्टि हुई कि यह किसी महिला का है। अब इसकी पहचान डीएनए जांच के माध्यम से कराई जाएगी।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को ग्रामीणों ने खेत में मानव सिर का कंकाल पड़ा देखा, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की। प्रारंभिक जांच में कंकाल करीब तीन महीने पुराना प्रतीत हुआ। सर्च अभियान के दौरान घटनास्थल से कुछ दूरी पर महिला का ब्लाउज, हाथ का प्लास्टिक कड़ा और क्लेचर भी बरामद किया गया, जिन्हें पुलिस ने साक्ष्य के रूप में कब्जे में ले लिया है।

रविवार को कंकाल का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद उसे अज्ञात के रूप में सुरक्षित रख लिया गया। पुलिस अब कंकाल के अन्य अंगों की तलाश में जुटी हुई है।

इसी बीच, बरेंग गांव निवासी रामनिवास ने दावा किया है कि यह कंकाल उनकी पत्नी चंद्रावती का हो सकता है, जो करीब दो महीने पहले लापता हो गई थीं। इस संबंध में उन्होंने पहले ही थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे और कंकाल को अपनी पत्नी का बताया।

हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बिना वैज्ञानिक जांच के किसी निष्कर्ष पर पहुंचना संभव नहीं है। पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बताया कि कंकाल की पहचान के लिए डीएनए जांच कराई जाएगी। इसके लिए सोमवार को न्यायालय से अनुमति मांगी जाएगी। डीएनए रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कंकाल लापता महिला से संबंधित है या नहीं।

पुलिस ने बताया कि मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

0
0 views

Comment