logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

मेरठ में महाराजा सूरजमल की प्रतिमा अनावरण समारोह में जाट समाज ने पारित किए महत्वपूर्ण प्रस्ताव

मेरठ, । सकौती टांडा, मेरठ में अंतर्राष्ट्रीय जाट संसद द्वारा निर्मित महाराजा सूरजमल जी की उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी प्रतिमा का भव्य अनावरण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर जाट समाज के गणमान्य लोगों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं युवाओं की उपस्थिति में समाज हित से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।

कार्यक्रम में जाट सरदारी ने समाज के उत्थान और एकता को ध्यान में रखते हुए युवाओं को जाट इतिहास पढ़ने तथा जाट महापुरुषों की जयंती एवं पुण्यतिथि मनाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। साथ ही युवाओं को तकनीकी एवं कौशल आधारित शिक्षा के साथ उच्च शिक्षा और स्वरोजगार की ओर अग्रसर करने पर जोर दिया गया।

समारोह में दीनबंधु, रहबरे आजम सर चौधरी छोटूराम जी को भारत रत्न दिए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। इसके अलावा समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाने और युवाओं में जागरूकता बढ़ाने का निर्णय लिया गया।

जाट नेताओं और अधिकारियों से अपेक्षा की गई कि वे अपने पदों का उपयोग नि:स्वार्थ भाव से समाज की सेवा में करें। वहीं क्षेत्रवाद और गोत्रवाद से ऊपर उठकर वैश्विक स्तर पर जाट एकता को मजबूत करने का आह्वान किया गया।

आरक्षण के मुद्दे पर उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली सहित अन्य राज्यों में जाटों को ओबीसी आरक्षण दिलाने के लिए प्रयास तेज करने की बात कही गई। साथ ही जाट महापुरुषों के इतिहास को सीबीएसई, एनसीईआरटी और अन्य शैक्षिक पाठ्यक्रमों में शामिल करने की मांग भी रखी गई।

समाज में आपसी भाईचारा बढ़ाने के लिए 36 बिरादरियों के साथ सौहार्द बनाए रखने और किसी अन्य समाज पर टिप्पणी न करने का संकल्प भी लिया गया। कार्यक्रम के अंत में संस्थापक अध्यक्ष रामावतार पलसानिया एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष मनु चौधरी ‘दांतल’ ने सभी का आभार व्यक्त किया और समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने का संदेश दिया।

✍🏻 ऋषभ पराशर, राष्ट्रीय अध्यक्ष, AIMA मीडिया युवा प्रकोष्ठ.

1
0 views

Comment