Chirawa के व्यापारी से 67 लाख की ठगी
चिड़ावा में 60 लाख की ठगी: देशी घी मंगवाकर चेक बाउंस, 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
चिड़ावा। शहर में एक व्यापारी के साथ करीब 60 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, मंडेला रोड स्थित आर.के. व्यास गीर गौ समर्थन केंद्र के संचालक अशोक व्यास ने शिकायत दी कि दिल्ली और नोएडा की दो व्यावसायिक फर्मों से जुड़े छह लोगों ने उनकी फर्म से बड़ी मात्रा में शुद्ध देशी घी मंगवाया।
आरोप है कि आरोपियों ने करीब 3700 किलो देशी घी (2200 किलो और 1500 किलो) मंगवाकर बदले में लगभग 60 लाख रुपये के चेक दिए, लेकिन बाद में ये सभी चेक बाउंस हो गए।
रिपोर्ट के अनुसार, इस मामले में नोएडा सेक्टर-2 स्थित यूनिक इंटरनेशनल के मुन्नालाल, सोनू सक्सेना, जितेंद्र और कृतिका वाघेल तथा लक्ष्मी नगर, दिल्ली स्थित बालाजी इंटरप्राइजेज के करण ठाकुर और ओमप्रकाश को नामजद किया गया है।
बताया गया कि आरोपियों ने खुद को IndiaMART प्लेटफॉर्म का रजिस्टर्ड वेंडर बताकर व्यापारी को विश्वास में लिया। घी लेने के बाद उसे बाजार में बेच दिया गया, लेकिन भुगतान नहीं किया गया।
समय बीतने के बाद जब चेक लगाए गए, तो वे बाउंस हो गए, जिससे ठगी का खुलासा हुआ।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।
रिपोर्ट: सुशील फतेपुरिया chirawa