मेगा मल्टी स्पेशियलिटी स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में ख्याति प्राप्त चिकित्सक देंगे सेवाएं - विधानसभा अध्यक्ष तोमर
मेगा मल्टी स्पेशियलिटी स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में ख्याती प्राप्त चिकित्सक देंगे सेवाएं - विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर
क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और संस्कार से ही विकास संभव - श्री जे.के. माहेश्वरी
दो दिवसीय निःशुल्क मेगा मल्टी स्पेशियलिटी स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सा शिविर का जौरा में हुआ शुभारंभ
सेवा, समर्पण और संवेदना का अद्वितीय संगम”
स्व. श्रीमती मोहन प्यारी देवी माहेश्वरी की पुण्य स्मृति में दो दिवसीय निःशुल्क मेगा मल्टी स्पेशियलिटी स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सा शिविर का शुभारंभ जौरा में 28 मार्च को किया गया। इस अवसर पर उद्घाटन सत्र में विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा है कि दो दिवसीय शिविर में ख्याती प्राप्त अरविंदो हॉस्पीटल इंदौर के चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे और अधिक से अधिक लोग शिविर का लाभ उठाएं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश श्री जे.के. माहेश्वरी ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और संस्कार क्षेत्र की प्राथमिकता है। यह आयोजन न केवल चिकित्सा सेवा का केंद्र बना, बल्कि मानवता, करुणा और सामाजिक उत्तरदायित्व का जीवंत उदाहरण भी प्रस्तुत करता नजर आया है।
इस अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. नायक, डॉ. विनोद भंडारी, पी.वी. राजगोपाल राजू भाई, मुरैना-श्योपुर क्षेत्र के सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर, समाजसेवी श्री कमलेश कुशवाह, डॉ. योगेशपाल गुप्ता, सीएमएचओ डॉ. पदमेश उपाध्याय, गणमान्य नागरिक, चिकित्सक, अरविंदो हॉस्पीटल की समस्त टीम एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के प्रारंभ में मनकामेश्वर ट्रस्ट के संरक्षक एवं उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश श्री जे. के. माहेश्वरी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए अपने उद्बोधन में ट्रस्ट की गतिविधियों, उद्देश्यों और अब तक किए गए सेवा कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने अत्यंत भावुक और प्रेरणादायक शब्दों में कहा कि “जब भी मैं जौरा आता हूं, इस माटी से कुछ न कुछ लेकर जाता हूं। यह पवित्र भूमि मुझे हर बार नई ऊर्जा देती है। आज मैं जो भी हूं, इस माटी के संस्कारों की देन है। उन्होंने आगे कहा कि केवल व्यक्तिगत उन्नति ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि अपने क्षेत्र और समाज के विकास के लिए कार्य करना ही सच्चे अर्थों में सेवा है। उन्होंने जौरा नगर में शिक्षा के क्षेत्र में विशेष कार्य करने की आवश्यकता पर भी जोर देते हुए भविष्य की योजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की।
विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेंद्र सिंह तोमर ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में अनेक सेवा कार्य देखे हैं, किन्तु इस प्रकार का सेवा-समर्पण, विशेषकर एक उच्च न्यायिक पद पर आसीन व्यक्ति द्वारा अत्यंत प्रेरणादायक और अद्वितीय है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन पीड़ित मानवता की सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है, जिसमें रक्तदान से लेकर विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःस्वार्थ सेवा तक सभी आयाम सम्मिलित हैं।
डॉ. विनोद भंडारी ने कहा कि वे जौरा एवं मुरैना क्षेत्र को चिकित्सा सेवाओं में देश के अग्रणी स्थान पर लाने का संकल्प रखते हैं। उन्होंने आश्वासन दिया ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. नायक द्वारा बताया गया कि भविष्य में इस प्रकार के आयोजनों के लिए देशभर के प्रतिष्ठित संस्थानों से आवश्यकतानुसार विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
इस चिकित्सा महाकुंभ की सफलता में विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों की सक्रिय भागीदारी उल्लेखनीय रही। गायत्री परिवार, सरकार अकादमी, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स, राष्ट्रीय कैडेट कोर सहित अनेक सामाजिक संस्थाओं के स्वयंसेवकों ने सेवा-यज्ञ में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन अत्यंत सादगीपूर्ण, गरिमामय एवं आध्यात्मिक वातावरण में सम्पन्न हुआ। अंत में आभार प्रदर्शन डॉ. दीक्षा माहेश्वरी द्वारा किया गया।
-
#JansamparkMP #morena2026 #Morena Jansampark Madhya Pradesh #MadhyaPradesh