खेत में मिला महिला का सिर, पास में बाल और ब्लाउज; डीएनए से होगी पहचान
शाहजहांपुर। सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र के बरेंग गांव में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक किसान को अपने सरसों के खेत में महिला का सिर का कंकाल पड़ा मिला। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस को जानकारी दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कंकाल को कब्जे में लिया और जांच शुरू की। आसपास की तलाशी के दौरान कुछ दूरी पर लंबे बाल और एक ब्लाउज भी बरामद हुआ है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि कंकाल किसी महिला का ही है।
दो से तीन महीने पुराना बताया जा रहा कंकाल
प्राथमिक जांच में पुलिस का मानना है कि बरामद सिर करीब दो से तीन महीने पुराना हो सकता है। हालांकि, कंकाल का अन्य हिस्सा मौके से नहीं मिला है, जिससे मामला और रहस्यमय हो गया है।
लापता महिला से जुड़ सकता है मामला
पुलिस के अनुसार करीब दो महीने पहले इसी गांव की एक महिला की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। शक के आधार पर उसके परिजनों को बुलाकर कंकाल की पहचान कराने की कोशिश की गई, लेकिन स्पष्ट पहचान नहीं हो सकी।
डीएनए जांच से खुलेगा राज
पुलिस ने कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अब डीएनए जांच के जरिए पहचान सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है। थाना प्रभारी का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।
पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है।