logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

लोहे की रॉड से हमला, युवक गंभीर रूप से घायल—जालौन में सनसनी

शानू

जालौन। कोतवाली क्षेत्र में मारपीट का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां शराब के लिए पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि युवक को घर में घुसकर लोहे की रॉड से हमला कर घायल कर दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना जालौन क्षेत्र के मोहल्ला तोपखाना निवासी विनोद साहू के साथ 27 मार्च की शाम करीब 6 बजे घटना हुई। पीड़ित का आरोप है कि मोहल्ले का ही राहुल पाल अपने दो साथियों के साथ उसके घर पहुंचा और शराब पीने के लिए 1000 रुपये की मांग करने लगा। रुपये देने से इनकार करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जबरन घर में घुसकर मारपीट करने लगे।

बताया जा रहा है कि आरोपियों ने विनोद साहू को घर से बाहर खींच लिया और राहुल पाल ने लोहे की रॉड से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर पीड़ित को बचाया।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि जाते समय आरोपी उसका मोबाइल फोन तोड़कर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। मारपीट में उसे गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित का कहना है कि वह आरोपियों में से दो अज्ञात व्यक्तियों को सामने आने पर पहचान सकता है।

पीड़ित ने कोतवाली जालौन में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

76
2521 views

Comment