प्रशासन के निर्देश के बावजूद नहीं सुधरी व्यवस्था, बाजार में फिर हुआ दुर्घटना.!
कुसमी/बलरामपुर(मोहम्मद खालिद)
नगर पंचायत कुसमी के सामरी रोड स्थित एचपी पेट्रोल पंप के समीप प्रत्येक शनिवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार में अव्यवस्था के चलते लगातार सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है। सड़क किनारे अनियंत्रित रूप से लगने वाले दुकान एवं ठेला-गुमटियों के कारण यातायात बाधित हो रहा है, जिससे आमजन की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है।
इसी क्रम में शनिवार को एक गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया, जिसमें शराब के नशे में एक ही बाइक पर चार युवक सवार होकर तेज रफ्तार में जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने पेट्रोल पंप के सामने सड़क पार कर रही बकरी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बकरी का पैर टूट गया, वहीं एक व्यक्ति भी घायल हो गया। घायल को तत्काल कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार युवक नशे में थे और अत्यधिक तेज गति से वाहन चला रहे थे, जिससे यह दुर्घटना हुई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित बाइक सवारों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की। पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्यवाही प्रारंभ की गई तथा यातायात नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
👉प्रशासनिक बयान...!
इस संबंध में नगर पंचायत कुसमी के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) अरविंद कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि नगर क्षेत्र में साप्ताहिक बाजार के दौरान सड़क किनारे लगने वाली दुकानों को लेकर प्रशासन गंभीर है। पूर्व में आयोजित समीक्षा बैठक में माननीय कलेक्टर महोदय द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सड़क किनारे लगने वाले ठेला, गुमटी एवं अस्थायी दुकानों को व्यवस्थित किया जाए, ताकि यातायात बाधित न हो और किसी प्रकार की दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न न हो। नगर पंचायत द्वारा शीघ्र ही इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आगे स्थानीय लोगों एवं जनप्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा यदि आमजन और जनप्रतिनिधियों का सहयोग मिलेगा, तो निश्चित रूप से हम अव्यवस्थित रूप से सड़क किनारे दुकान लगाने वाले एवं नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी कार्यवाही कर पाएंगे।
सीएमओ ने यह भी कहा कि पूर्व में भी कई बार नगर पंचायत द्वारा सड़क किनारे दुकान लगाने वालों को मना किया गया है, लेकिन कुछ स्थानीय जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के कारण स्थिति पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो पाई है। सभी के सहयोग से ही इस समस्या का स्थायी समाधान संभव है।
👉पुलिस विभाग की विस्तृत अपील...!
पुलिस विभाग ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन या पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। विशेष रूप से साप्ताहिक बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में वाहन चालकों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए।
पुलिस अधिकारियों ने यह भी कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, आमजन से अपील की गई है कि वे स्वयं जागरूक बनें और दूसरों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें, ताकि क्षेत्र में दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
👉आवश्यक कार्रवाई की मांग...!
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से साप्ताहिक बाजार को सुव्यवस्थित करने, सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने एवं यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने हेतु ठोस एवं स्थायी कदम उठाने की मांग की है, जिससे भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।