मिशन शक्ति अभियान: बिल्सी में महिलाओं को सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का दिया गया संदेश
मीडिया प्रभारी: देव ठाकुर
बिल्सी। महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त एवं जागरूक बनाने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान के तहत शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन केंद्र प्रभारी रचना देशवाल के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं छात्राओं को सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। टीम ने साइबर अपराध, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ और उत्पीड़न जैसी समस्याओं से बचाव के उपायों को सरल भाषा में समझाया। साथ ही महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी देकर उनके उपयोग के प्रति जागरूक किया गया। केंद्र प्रभारी रचना देशवाल ने कहा कि किसी भी विपरीत परिस्थिति में घबराने के बजाय सतर्क रहना और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना आवश्यक है। महिला कांस्टेबल सोनिया और प्रियांशी ने भी छात्राओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करते हुए सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में आत्मरक्षा, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। इस दौरान कांस्टेबल राघवेन्द्र और विपिन कुमार सहित पुलिस टीम मौजूद रही।कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को आत्मविश्वास के साथ सुरक्षित जीवन जीने का संदेश दिया गया। संवाद