डीएम की अध्यक्षता में मूसाझाग थाने पर समाधान दिवस, शिकायतों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
मीडिया प्रभारी: देव ठाकुर
बदायूँ। जनपद में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से शनिवार को थाना मूसाझाग में समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी अवनीश राय ने की। समाधान दिवस के दौरान भूमि, राजस्व और पुलिस से संबंधित कुल 09 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 01 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शेष शिकायतों का भी गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने कहा कि पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करें और आम जनता से बेहतर संवाद स्थापित करें। साथ ही, छोटी से छोटी घटना की जानकारी भी समय रहते उच्च अधिकारियों तक पहुंचाई जाए, ताकि उसका शीघ्र समाधान किया जा सके। डीएम ने स्पष्ट रूप से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। भूमि व राजस्व विवादों के समाधान के लिए राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। संवाद