मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्राओं को किया गया जागरूक
मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्राओं को किया गया जागरूक
जय प्रकाश त्रिपाठी, जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर, 28 मार्च 2026।
जनपद के विकास खण्ड बांसी स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय, सूपा राजा में मिशन शक्ति अभियान-5 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जी.एन. एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर खण्ड शिक्षा अधिकारी बांसी द्वारा अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। तत्पश्चात छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना की सुंदर प्रस्तुति दी गई।
जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जी.एन. ने अपने संबोधन में कहा कि मिशन शक्ति अभियान प्रदेश सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकार, सुरक्षा एवं स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विद्यालयों में निबंध, पोस्टर, नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से छात्राओं को जागरूक किया जा रहा है। साथ ही आत्मरक्षा एवं साइबर सुरक्षा से जुड़ी जानकारी भी दी जा रही है, जिससे महिलाएं आवश्यकता पड़ने पर सहायता प्राप्त कर सकें।
उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे मेहनत एवं लगन से पढ़ाई करें, सफलता अवश्य मिलेगी।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों एवं साइबर सुरक्षा के बारे में जानकारी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि सभी थानों में मिशन शक्ति केंद्र एवं साइबर सेल स्थापित हैं, जहां से महिलाएं सहायता प्राप्त कर सकती हैं। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और उच्च पदों पर आसीन हैं, उनसे प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान 1090, 181, 1076, 1098, 112, 102, 108 एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 जैसे महत्वपूर्ण टोल-फ्री नंबरों की जानकारी दी गई। पोस्टर के माध्यम से भी छात्राओं को जागरूक किया गया।
इस अवसर पर खण्ड शिक्षा अधिकारी बांसी, समन्वयक बालिका शिक्षा सुरेन्द्र श्रीवास्तव, प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण एवं विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।