भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय में कौशल विकास कार्यक्रम का सफल समापन, प्रतिभागियों को मिले नए अवसर
खानपुर कलां, 28 मार्च।
भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय के फैशन टेक्नोलॉजी विभाग द्वारा आयोजित “एंटरप्रेन्योरशिप कम स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम” (कटिंग एवं टेलरिंग तकनीक – गारमेंट कंस्ट्रक्शन) का 27 मार्च 2026 को सफलतापूर्वक समापन हुआ। छह सप्ताह (42 दिन) तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम ने प्रतिभागियों को न केवल व्यावहारिक कौशल प्रदान किए, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी प्रेरित किया।
समापन समारोह में विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुदेश ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे कौशल आधारित कार्यक्रम महिलाओं को सशक्त बनाने और उन्हें स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें सीखे गए कौशल का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को कटिंग, टेलरिंग एवं गारमेंट निर्माण की आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान दिया गया, जिससे उनके कौशल और आत्मविश्वास में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। कार्यक्रम के अंत में नोडल ऑफिसर प्रो. अंशु भारद्वाज ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए प्रतिभागियों को स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
यह कार्यक्रम न केवल कौशल विकास का माध्यम बना, बल्कि प्रतिभागियों के लिए आत्मनिर्भरता की ओर एक मजबूत कदम भी साबित हुआ।
कार्यक्रम का संचालन डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. विजय नेहरा, नोडल ऑफिसर प्रो. अंशु भारद्वाज एवं कार्यक्रम संयोजक डॉ. आशीष हुड्डा के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर डॉ. हरिंदर पाल, डॉ. पूजा कुमारी, सोनिया, डॉ. संतोष हुड्डा, अंजली एवं मुकेश सहित अन्य गणमान्य भी उपस्थित रहे।
फोटो कैप्शन: 03 प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित करती हुई कुलपति प्रो. सुदेश।