logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

प्रेम-प्रसंग बना खौफनाक हत्याकांड-प्रॉपर्टी डीलर की हत्या कर शव सिरसा डैम में फेंका, आरोपी फरार

सोनभद्र संवाद सूत्र।
सोनभद्र के घोरावल कोतवाली क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। कथित प्रेम-प्रसंग के चलते एक प्रॉपर्टी डीलर की उसकी कथित प्रेमिका ने अपने पति और भांजे के साथ मिलकर बेरहमी से हत्या कर दी तथा सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को पत्थरों से बांधकर सिरसा डैम की गहरी खाई में फेंक दिया।
मृतक की पहचान चंदौली जनपद निवासी 50 वर्षीय कुंवार मौर्या के रूप में हुई है, जो प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करते थे। जानकारी के अनुसार 22 मार्च को वह अपने ड्राइवर रोहित के साथ सोनभद्र आए थे और घोरावल क्षेत्र के नौगढ़वा गांव स्थित कथित प्रेमिका लीलावती के घर ठहरे थे।
बताया जा रहा है कि उसी रात महिला ने अपने पति और भांजे के साथ मिलकर कुंवार मौर्या की हत्या कर दी। घटना का खुलासा मृतक के ड्राइवर रोहित ने किया। ड्राइवर के अनुसार हत्या के बाद आरोपियों ने उसे धमकाते हुए शव ठिकाने लगाने के लिए मजबूर किया।
आरोपियों ने शव को कार की डिग्गी में रखकर सिरसा डैम पहुंचाया और पत्थरों से बांधकर गहरी खाई में फेंक दिया। साथ ही घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
काफी दिनों तक भय के साए में रहने के बाद ड्राइवर ने चंदौली पहुंचकर मृतक के परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर डैम में सर्च ऑपरेशन चलाया, जहां से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
घटना के बाद से मुख्य आरोपी महिला, उसका पति और भांजा फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्याकांड का पूरा खुलासा किया जाएगा। फिलहाल यह सनसनीखेज मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

6
270 views

Comment