logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

भक्तदर्शन महाविद्यालय की छात्रा अमीषा रावत ने राष्ट्रीय स्तर पर लहराया परचम, भारत बौद्धिक्स परीक्षा में 37वाँ स्थान


द्वारीखाल संबाददाता कमल उनियाल
जयहरीखाल,
शिक्षा के क्षेत्र में एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि दर्ज करते हुए भक्तदर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जयहरीखाल की प्रतिभाशाली छात्रा अमीषा रावत ने भारत बौद्धिक्स राष्ट्रीय परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 37वाँ स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय सहित पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
यह प्रतिष्ठित परीक्षा विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान द्वारा आयोजित की गई थी, जिसका उद्देश्य उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को भारतीय ज्ञान, विज्ञान और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ना है। परीक्षा का आयोजन 31 जनवरी 2026 को महाविद्यालय परिसर में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
अमीषा रावत की इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर उन्हें ₹2500 की प्रोत्साहन राशि एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जाएगा। उनकी सफलता न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का भी प्रमाण है।
परीक्षा आयोजन में नोडल अधिकारी डॉ. उमेश ध्यानी के नेतृत्व में डॉ. कमल कुमार, डॉ. शिप्रा एवं डॉ. अजय रावत का विशेष योगदान रहा। सभी शिक्षकों के समन्वय और मार्गदर्शन से परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो सकी।
महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. राजवंशी ने अमीषा को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे भी इस प्रकार की प्रतियोगी परीक्षाओं में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने ज्ञान को व्यापक स्तर पर परखें।
अमीषा की इस सफलता से महाविद्यालय में हर्ष का वातावरण है तथा शिक्षकों और छात्रों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

56
4894 views
1 shares

Comment