शाहजहांपुर पुलिस के खिलाड़ियों का जलवा, कई प्रतियोगिताओं में जीते पदक
शाहजहांपुर में खिलाड़ियों ने विभिन्न जिलों में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए हैं। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक ने उन्हें सम्मानित कर उत्साहवर्धन किया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों को मेडल, प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर, प्रतिसार निरीक्षक व टीम प्रशिक्षक भी मौजूद रहे।
बिजनौर में दिखाया दम
25 से 28 फरवरी तक बिजनौर में आयोजित बास्केटबॉल व हैंडबॉल प्रतियोगिताओं में शाहजहांपुर पुलिस टीम का प्रदर्शन सराहनीय रहा। महिला हैंडबॉल टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि पुरुष हैंडबॉल टीम दूसरे स्थान पर रही। बास्केटबॉल टीम ने भी उपविजेता का खिताब जीता।
बदायूं में भी लहराया परचम
9 से 11 मार्च तक बदायूं में आयोजित पुलिस खेल प्रतियोगिताओं में भी खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। बॉडी बिल्डिंग और आर्म रेसलिंग में खिलाड़ियों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बॉक्सिंग में महिला मुख्य आरक्षी रिजवाना ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि अन्य खिलाड़ियों ने दूसरा स्थान पाया।
कुश्ती प्रतियोगिता में महिला आरक्षी सुधा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सुधा ने कुश्ती और बॉक्सिंग दोनों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया।
पुलिस अधीक्षक ने खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके अनुशासन, समर्पण और खेल भावना का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी खिलाड़ी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का गौरव बढ़ाते रहेंगे।