logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

मिर्जापुर में पुलिस पर गंभीर आरोप, किशोर से मारपीट और लूट का मामला गरमाया



मिर्जापुर। जनपद के विंध्याचल क्षेत्र में पुलिस पर एक किशोर के साथ मारपीट, अवैध हिरासत और लूट जैसे गंभीर आरोप लगने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर पहुंचकर प्रदर्शन किया और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विंध्याचल थाना क्षेत्र के अष्टभुजा चौकी अंतर्गत गोपालपुर मड़गुड़ा निवासी अंकित कुमार (17 वर्ष) ने आरोप लगाया है कि 25 फरवरी 2026 को वह अष्टभुजा मंदिर के पास अपनी दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान चौकी इंचार्ज सुनील कुमार मिश्रा और एक सिपाही वहां पहुंचे और बिना किसी कारण के गाली-गलौज शुरू कर दी।

पीड़ित के अनुसार, विरोध करने पर पुलिसकर्मियों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और जबरन चौकी ले जाकर दोबारा पीटा। आरोप है कि उसे धमकी दी गई कि यदि उसने किसी को घटना की जानकारी दी तो उसे बिजली का करंट दिया जाएगा।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि किशोर को करीब 24 घंटे तक अवैध रूप से हिरासत में रखा गया और इस दौरान उसका आईफोन 15 व लगभग ₹26,000 नकद भी छीन लिया गया, जो अब तक वापस नहीं किया गया है।

पीड़ित ने मामले की शिकायत राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग, लखनऊ में करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। साथ ही उसने मांग की है कि उसका मोबाइल और पैसे वापस दिलाए जाएं तथा आरोपित पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

प्रदर्शन में सुरेंद्र, रोमित, सोनू, हीरालाल, राजकुमार, दिलीप कुमार गुप्ता, राजेश कुमार, पंचम, रवि, मनोज कुमार, कंचन, रन्नु देवी, अजीत राम, सजीवन, नीरज, रामबाबू, जोगिंदर कुमार, रेणु देवी, आदित्य गुप्ता, आकाश गुप्ता, कमलेश कुमार, रामधनी, मोनू कुमार, जानकी, विष्णु कुमार, अनिल कुमार, रमाशंकर, हनुमान, निर्मल कुमार, संदीप कुमार सहित दर्जनों ग्रामीण शामिल रहे।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

10
518 views

Comment