logo
Select Language
Hindi
Bengali
Tamil
Telugu
Marathi
Gujarati
Kannada
Malayalam
Punjabi
Urdu
Oriya

राजस्थान में आज सक्रिय होगा नया सिस्टम, बारिश-ओलावृष्टि की चेतावनी

जयपुर, 28 मार्च (हि.स.)। प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से राजस्थान में नया मौसमी तंत्र सक्रिय होगा, जिसका असर लगभग सभी जिलों में देखने को मिलेगा। आने वाले कुछ दिनों में प्रदेशभर में बादल छाने के साथ बारिश, तेज आंधी और कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने 28 मार्च को सात जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने विशेष रूप से किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि आगामी दिनों में मौसम की गतिविधियां तेज हो सकती हैं।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा। जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर और बीकानेर सहित कई शहरों में दिनभर तेज धूप रही, जिससे हल्की गर्मी का एहसास हुआ। शुक्रवार को सबसे अधिक तापमान कोटा में 37.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जबकि जयपुर में भी साफ आसमान और तेज धूप के कारण गर्मी महसूस की गई।

मौसम विभाग ने 28 मार्च से एक अप्रैल तक राज्य के कई हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। ऐसे में किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

खेतों में कटी हुई फसल या मंडियों में खुले में रखी उपज को सुरक्षित स्थानों पर रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बारिश से नुकसान से बचा जा सके।

मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार एक अप्रैल तक प्रदेश में आंधी-बारिश का दौर जारी रह सकता है।

इसके बाद अप्रैल के पहले सप्ताह में भी नए सिस्टम सक्रिय होने की संभावना है, जिससे तापमान सामान्य या उससे नीचे बना रह सकता है।

लगातार सक्रिय हो रहे मौसम सिस्टम के चलते फिलहाल भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन किसानों के लिए यह समय सावधानी बरतने का है।

0
24 views

Comment