अंबिकापुर में गूंजेगा दांव-पेच: आज से 31 मार्च तक गांधी स्टेडियम में देशभर के 144 जनजातीय पहलवान दिखाएंगे दम,डीडी स्पोर्ट्स पर होगा सीधा प्रसारण
अंबिकापुर: देश के पहले खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 के अंतर्गत कुश्ती स्पर्धा की मेजबानी छत्तीसगढ़ का सरगुजा जिला कर रहा है। जिले का हृदय स्थल अंबिकापुर 28 मार्च से शुरू हो रहे इस भव्य आयोजन का साक्षी बनेगा, जहां पुरुष और महिला वर्ग में रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।
स्थानीय गांधी स्टेडियम में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के जनजातीय खिलाड़ी अपनी ताकत, तकनीक और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन का मुख्य उद्देश्य सुदूर वनांचलों में छिपी प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच देना और उन्हें नई पहचान दिलाना है।
देशभर की प्रतिभाओं का जुटेगा महाकुंभ
इस प्रतियोगिता में जम्मू-कश्मीर, मध्यप्रदेश, झारखंड, असम, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, मेघालय, गुजरात, ओडिशा, मिजोरम, बिहार, अरुणाचल प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र और मेजबान छत्तीसगढ़ सहित कुल 144 पहलवान (पुरुष एवं महिला) हिस्सा ले रहे हैं।अंबिकापुर का गांधी स्टेडियम इस बड़े आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है, जहां चार दिनों तक कुश्ती के मुकाबलों का रोमांच छाया रहेगा।
चार दिन, तीन चरणों में होंगे मुकाबले
28 मार्च से 31 मार्च तक चलने वाली इस स्पर्धा को प्रतिदिन तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा:
प्रथम चरण: सुबह 8 बजे से 9 बजे तक
द्वितीय चरण: सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक
तृतीय चरण: शाम 4 बजे से खेल समाप्ति तक
यह व्यवस्था खिलाड़ियों और दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखकर की गई है।
डीडी स्पोर्ट्स पर लाइव प्रसारण
इस भव्य आयोजन को “भारत के जनजातीय खेल, छत्तीसगढ़ मा सुंदर मेल” की प्रेरक टैगलाइन के साथ प्रस्तुत किया जा रहा है। खास बात यह है कि मुकाबलों का सीधा प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स और प्रसार भारती पर किया जाएगा, जिससे देश-दुनिया के दर्शक इस ऐतिहासिक आयोजन को लाइव देख सकेंगे।
तैयारियां पूरी, खिलाड़ियों का स्वागत
खेल विभाग द्वारा खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, चिकित्सा और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सरगुजा अपनी समृद्ध परंपरा और ‘अतिथि देवो भव’ की भावना के साथ देशभर से आने वाले खिलाड़ियों और अधिकारियों के स्वागत के लिए तैयार है।
सर्वेश कुमार ने बताया अंबिकापुर में होने वाला यह आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं को मंच देगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का मार्ग भी दिखाएगा।